‘सेवा पखवाड़ा’ : पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर होगी शुरुआत

National News

(नई दिल्ली) 12 सितम्बर, 2025.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन (17 सितम्बर) से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान का आयोजन करेगी। यह विशेष अभियान ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र पर आधारित होगा, जिसके तहत देशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के निर्देशानुसार यह 16 दिवसीय अभियान पूरे देश में चलेगा। इसमें कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान भी चलाएंगे।

मुख्य कार्यक्रमों की रूपरेखा:

  • 17-19 सितम्बर : सभी जिलों में रक्तदान शिविर।
  • 18-24 सितम्बर : स्कूलों व अस्पतालों में स्वच्छता अभियान।
  • 21 सितम्बर : देशभर के 75 शहरों में ‘मोदी विकास मैराथन’ और सांसदों का खेल पखवाड़ा।
  • 25 सितम्बर : पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ से जुड़े कार्यक्रम।
  • 2 अक्टूबर : महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता और खादी उत्पादों को प्रोत्साहन।

भूपेंद्र यादव ने बताया कि पौधारोपण, अपशिष्ट पुनर्चक्रण और दिव्यांगजनों को सहयोगी उपकरण वितरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, भाजपा के महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘चलो जीते हैं’ का प्रदर्शन भी होगा।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सेवा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के हर वर्ग—गरीब, किसान, युवा और महिलाओं—तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का माध्यम बनेगा। भाजपा का मानना है कि ‘राष्ट्रप्रथम’ की भावना से प्रेरित यह सेवा पखवाड़ा देश को मजबूत बनाने में योगदान देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *