“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान से अब शिकायतें नहीं भटकेगीं : डॉ. आर. राजेश कुमार

UTTARAKHAND NEWS

रुद्रप्रयाग।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आम जनमानस तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने जनपद का दौरा किया।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन के नेतृत्व में जनपद की 27 न्याय पंचायतों में चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 05 फरवरी 2026 को न्याय पंचायत सतेराखाल के अंतर्गत ग्राम कमेड़ा में “प्रशासन गांव की ओर” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने की।

35 में से 20 समस्याओं का मौके पर समाधान

शिविर के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा कुल 35 समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 20 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

स्टॉलों का निरीक्षण, लाभ मौके पर देने के निर्देश

प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि वास्तविक लाभ सुनिश्चित करना है।

एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं

शिविर में कृषि, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य (आयुष्मान आरोग्य शिविर), राजस्व, महिला एवं बाल विकास, पूर्ति विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्रता अनुसार सेवाएं भी प्रदान की गईं।

पेंशन, आयुष्मान व प्रमाण पत्र सेवाएं उपलब्ध

शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, आधार सेवाएं, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, समान नागरिक संहिता पंजीकरण, राशन कार्ड ई-केवाईसी, एलपीजी केवाईसी, स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

पेयजल, सड़क व बिजली की समस्याएं रहीं प्रमुख

ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, डामरीकरण, पैदल मार्ग निर्माण, सोलर लाइट, विद्युत आपूर्ति, मुआवजा, गौशाला, राशन कार्ड तथा आवास से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। ग्राम प्रधान कमेड़ा ऊषा देवी ने कुछ क्षेत्रों को नगर पालिका में सम्मिलित न करने का अनुरोध किया, जबकि लोक निर्माण विभाग से संबंधित मुआवजा न मिलने की शिकायत भी सामने आई।

मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे प्रभारी सचिव

प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में जनपद में उपस्थित हैं और सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिन समस्याओं के लिए समयसीमा तय की गई है, उनका समाधान निर्धारित अवधि में अवश्य हो। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे समस्याओं के समाधान का नियमित फॉलो-अप लेते रहें।

उन्होंने कहा—
“अब आम जनमानस की शिकायतें भटकेंगी नहीं। इन बहुउद्देशीय शिविरों में समाधान मिलेगा। सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है।”

शिविर में जिला पंचायत सदस्य गंभीर सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान ऊषा देवी, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी, पुलिस व विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *