बाबा केदारनाथ धाम यात्रा को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए जिला प्रशासन रूद्रप्रयाग लगातार प्रयासरत है। मानसून के चलते यात्रा मार्ग पर बाधित हुए रास्तों, बिजली एवं जल आपूर्ति समेत अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार के निर्देशन में निरंतर कार्य जारी है। बता दें कि यात्रियों की आवाजाही हेतु यात्रा मार्ग पूर्ण रूप से सुचारू है तथा यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। साथ ही मरम्मत कार्य भी जारी हैं
अधिशासी अभियंता डीडीएमए विनय झिंकवाण ने बताया कि इस वर्ष मानसून के दौरान अतिवृष्टि के चलते यात्रा मार्ग कई स्थानों पर वाश आउट हो गया था एवं कई जगहों पर भारी बोल्डर आ गए थे। भैरव ग्लेशियर, कुबरे ग्लेशियर, हथनी ग्लेशियर, बडी लिंचोली, छोटी लिंचोली और भीमबली में सर्वाधिक नुकसान हुआ। केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा बाधित स्थानों में श्रमिकों द्वारा तत्परता से मार्ग को आवाजाही हेतु खोला जा चुका है वहीं सभी स्थानों पर नियमित तौर से मरम्मत कार्य तत्परता से चल रहा है। बताया कि लिन्चोली के समीप पूर्ण रूप से वाश आउट हो चुके मार्ग को दो दिन के भीतर कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं थारू बैंड पर पुश्ता एवं रास्ता लगभग बन कर तैयार हो चुका है एवं रेलिंग लगाने का कार्य गतिमान है। रामबाडा से जाने वाला मुख्य मार्ग एवं बाईपास दोनों मार्ग यात्रियों के लिए खुला है। वहीं हथनी ग्लेशियर पर यात्रा के लिए मार्ग सुचारू है, वाश आउट वाले स्थान पर मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है।
