राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(से नि) ने बुधवार को राजभवन में बोट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर नैनी झील में बोट संचालन की चुनौतियों के संबंध में चर्चा की और पदाधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए। राज्यपाल ने कहा कि नैनी झील प्रकृति का बड़ा उपहार हम सभी के लिए है। नैनीताल की झील यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र है। यहां पर आने वाला हर पर्यटक बोटिंग अवश्य करता है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि बोट संचालन उनके रोजगार का बड़ा साधन है। जिस पर कई परिवारों की आर्थिक स्थिति निर्भर करती है। उन्होंने नैनी झील में बने बोट स्टेंड में शेल्टर बनाए जाना का सुझाव दिया जिससे बरसात के मौसम में पर्यटकों को खड़े होने की सुविधा हो सके। इसके साथ-साथ झील की सफाई की मॉनीटरिंग करने का सुझाव भी पदाधिकारियों द्वारा दिया गया। उन्होंने झील के सौंदर्यीकरण और सड़क की मरम्मत की जरूरत बताई। राज्यपाल ने कहा कि इन सुझावों को पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा।
