मातृशक्ति संवाद में बोले सीएम धामी- महिलाएं लक्ष्य पर ध्यान दें, सरकार साथ खड़ी है

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है। सरकार महिलाओं के कौशल एवं उद्यमिता विकास के साथ ही उनके बनाए उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने महिलाओं से सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सीधा संवाद किया। महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को कौशल और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिला उद्यमियों को आसान ऋण उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों को स्थानीय से लेकर वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की महिलाएं लगातार सशक्त हो रही हैं। उत्तराखंड की महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

महिला समूहों को बड़े कारोबारी समूहों के रूप में विकसित करने के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना के माध्यम से इस दिशा में काम कर रही है। उत्तराखंड की महिलाओं के विशिष्ट उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के माध्यम से नई पहचान दी गई है।

सहस्रधारा रोड पर विकसित होगा बड़ा सेंटर

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून के सहस्रधारा रोड पर एक बड़ा सेंटर विकसित किया जा रहा है। यहां प्रदेश के सभी 13 जिलों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विशिष्ट उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश की महिलाएं सिलाई और बुनाई से आगे बढ़कर उद्योग एवं कारोबार के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं। महिलाओं को अपने उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्पाद की गुणवत्ता अच्छी होने पर ग्राहकों का भरोसा कायम होता है और बाजार अपने आप मजबूत होता है।

एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी बिक्री

महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को जीएमवीएन और केएमवीएन के गेस्ट हाउस के माध्यम से बेचने के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहले से ही विभिन्न मेलों और आयोजनों के अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर इन उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था कर रही है।

हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के उत्पाद ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना को पूरे वर्ष संचालित किए जाने पर भी विचार किया जाएगा।

संवाद में भावुक हुआ माहौल

मातृशक्ति संवाद के दौरान उस समय भावुक माहौल बन गया, जब एक महिला लाभार्थी ने अपने संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा आया जब उनका घर तक बिक गया था और बच्चों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया था। महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने दोबारा अपने परिवार को संभाला।

महिला ने सरकार की बिना गारंटी ऋण योजना को समूहों के लिए वरदान बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित गीत भी प्रस्तुत किया। गीत के माध्यम से उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना और बिना ब्याज ऋण सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में विधायक दलीप रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, नेहा शर्मा, किरण भट्ट, डॉ. प्राची कंडवाल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *