देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी बताते हुए संस्था के प्रयास की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीकी पहल किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह तथा एआई आधारित फसल रोग पहचान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी, परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं भी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। समिति के अनुसार एप को किसानों की व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, ताकि कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक उन्हें आवश्यक डिजिटल सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल एवं सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे।




