मुख्यमंत्री धामी ने चोरगलिया में सुनी जनसमस्याएं, शेर नाला सेतु का किया लोकार्पण

UTTARAKHAND NEWS

हल्द्वानी/चोरगलिया, 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज नैनीताल जनपद के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

शेर नाला के मानसून के दौरान उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित हो जाता था। इससे स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नए सेतु के निर्माण से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी और मानसून के दौरान कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

सेतु के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *