देहरादून, 20 जुलाई। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण देहरादून–मसूरी मुख्य मार्ग पर बेड़ू के पास अतिवृष्टि से मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा एवं जन-धन की संभावित हानि को देखते हुए उप जिलाधिकारी, मसूरी ने उक्त मार्ग को अगले आदेश तक सभी प्रकार के आवागमन एवं परिवहन के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, संबंधित पुलिस प्रशासन को मार्ग पर यातायात रोकने एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आपसी समन्वय स्थापित कर क्षतिग्रस्त मार्ग की शीघ्र मरम्मत और सुरक्षित होने पर यातायात बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। मार्ग खुलने संबंधी सूचना प्रशासन द्वारा अलग से जारी की जाएगी।




