रुद्रपुर, 28 जून। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऊधमसिंह नगर जनपद के बागवाला में लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1,872 आवास शीघ्र ही पात्र लाभार्थियों को आवंटित किए जाएंगे। रविवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आवासीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि आवासों का लोकार्पण जल्द किया जाएगा और इसके बाद पात्र लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों से लाभार्थियों द्वारा जमा की गई धनराशि एवं आवंटन प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।
जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रत्येक आवास के लिए 3 लाख रुपये केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से तथा 3 लाख रुपये लाभार्थी के अंशदान के रूप में निर्धारित हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आवासों की साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है तथा परिसर में पौधारोपण भी कराया जा रहा है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि आवास परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण पूर्ण कर उसकी टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक कर ली गई है, जिससे भविष्य में बेहतर स्वच्छता एवं पर्यावरणीय सुविधाएं सुनिश्चित होंगी।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




