बीएलओ और फील्ड स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अभद्रता करने वालों पर होगी कार्रवाई: सीईओ

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 23 जून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और फील्ड स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि किसी बीएलओ या फील्ड स्टाफ के साथ अभद्रता अथवा दुर्व्यवहार की घटना सामने आती है तो संबंधित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में जुटे एक बीएलओ के साथ हुई अभद्रता की घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत बीएलओ और फील्ड स्टाफ घर-घर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन एवं अद्यतन का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी कठिन परिस्थितियों में मेहनत और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उनके साथ अभद्र व्यवहार या असहयोग जैसी घटनाएं न केवल सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करती हैं, बल्कि फील्ड स्टाफ के मनोबल को भी प्रभावित करती हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ ऐसी घटनाओं पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं और नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी नागरिक बीएलओ और फील्ड स्टाफ का सहयोग करें तथा उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है, जिसके लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *