देहरादून, 28 मई 2026 उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग एवं भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग से आगामी 31 मई एवं 01 जून 2026 को सीमांत नीति घाटी में “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उच्च हिमालयी साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
भारत-तिब्बत सीमा के निकट स्थित नीति घाटी अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, ऊंचे हिमालयी भू-भाग और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” के माध्यम से देशभर से आने वाले प्रतिभागियों को इस क्षेत्र की प्राकृतिक भव्यता, रोमांचकारी ट्रैक और स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि साहस, धैर्य, सहनशीलता और अन्वेषण की भावना का उत्सव होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना भी है।
आयोजन के दौरान स्थानीय होमस्टे, पारंपरिक उत्पादों और पर्यटन आधारित गतिविधियों को नई पहचान मिलने की संभावना जताई जा रही है। प्रतिभागियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवास, चिकित्सा, संचार, पेयजल, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
भारतीय सेना, आईटीबीपी और पर्यटन विभाग आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन का अनुभव मिल सके।




