रुड़की के नेहरू स्टेडियम के कायाकल्प की शुरुआत, ₹2.28 करोड़ की खेल परियोजना का भूमि पूजन

UTTARAKHAND NEWS

रुड़की, 09 मई 2026 — रुड़की के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 2.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी खेल परियोजना का भूमि पूजन एवं हवन कार्यक्रम कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा की मौजूदगी में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा लंबे समय से नेहरू स्टेडियम के आधुनिकीकरण को लेकर प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस परियोजना की घोषणा करवाने के साथ-साथ विधानसभा में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उनके निरंतर प्रयासों के बाद अब यह परियोजना धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है।

इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की की किसी भी खेल प्रतिभा को संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेहरू स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि अत्याधुनिक स्पोर्ट्स हब बनने के बाद रुड़की को खेल जगत में नई पहचान मिलेगी और युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच क्षेत्र के नागरिकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के खेल विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की विकासपरक सोच और प्रतिबद्धता की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *