सरकार की घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मोलेखाल बाजार, सल्ट (अल्मोड़ा) में बहुप्रतीक्षित पार्किंग निर्माण परियोजना को विभागीय व्यय समिति से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। परियोजना के लिए ₹591.16 लाख की धनराशि का प्रस्ताव अब प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु वित्त विभाग को भेजा जाएगा।
राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति Dr. R. Rajesh Kumar की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या–800/2021 “मोलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण” की प्रगति और विस्तृत आगणन पर चर्चा की गई। बैठक में आवास, वित्त और नियोजन विभाग के अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण तथा उत्तराखण्ड पेयजल निगम के अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
पर्वतीय भूगोल के चलते बढ़ी परियोजना लागत
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि चयनित स्थल की भौगोलिक परिस्थितियां काफी जटिल हैं। गहरी नींव, ढलान स्थिरीकरण, भूकम्परोधी डिजाइन और अतिरिक्त आरसीसी संरचनाओं की आवश्यकता के कारण परियोजना लागत बढ़ी है। हालांकि तकनीकी परीक्षण में इसे पूरी तरह उचित और आवश्यक माना गया।
ड्रोन सर्वे में उपयुक्त मिला स्थल
अधिकारियों के अनुसार मोलेखाल बाजार और जौलीखाल क्षेत्र में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने से पार्किंग समस्या गंभीर हो गई है। प्रस्तावित स्थल का ड्रोन सर्वे, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से परीक्षण किया गया, जिसमें यह स्थान पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया। चयनित भूमि को आवास विभाग के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है।
एक सप्ताह में मांगी लंबित पत्रावलियां
बैठक के दौरान सचिव Dr. R. Rajesh Kumar ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों की पत्रावलियां एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वीकृति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर रही है और मोलेखाल बाजार पार्किंग परियोजना क्षेत्रीय यातायात प्रबंधन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।




