पर्यटन सीजन से पहले बाईपास चालू करने के निर्देश, मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

UTTARAKHAND NEWS

नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नव निर्मित भवाली बायपास, भवाली-रातिघाट बायपास, कैंचीधाम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों तथा नैनीताल मालरोड में भू-धसाव रोकने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम-रातीघाट) सड़क मार्ग का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन से पहले भवाली-रातिघाट बायपास पर यातायात सुचारू किया जाए। साथ ही स्थायी मोटर पुल बनने तक अस्थायी वैली ब्रिज स्थापित कर वाहनों का संचालन शुरू करने के निर्देश भी दिए।

पर्यटन सीजन से पहले बाईपास चालू करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम मंदिर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए ट्रैफिक प्रबंधन और बेहतर सड़क सुविधा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जून से शुरू होने वाले यात्रा सीजन से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर बाईपास मार्ग को संचालित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम से राहत मिल सके।

लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने जानकारी दी कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक 18.15 किमी लंबे बाईपास में से लगभग 8 किमी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, जहां यातायात सुचारू है। शेष 10.15 किमी मार्ग में पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है और करीब 9.81 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा दीवार, कलमठ और अन्य सुरक्षात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस बाईपास को रातीघाट स्थित भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है।

भवाली बायपास और मोटर पुल का भी निरीक्षण

मुख्य सचिव ने सैनिटोरियम से भवाली-अल्मोड़ा मार्ग तक बने भवाली बायपास तथा शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस मार्ग पर यातायात शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इससे भवाली बाजार में लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी और पर्यटन सीजन में आवागमन सुगम होगा।

कैंचीधाम में पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम मंदिर परिसर में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत लगभग 40.81 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इनमें बहु-मंजिला कार पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल सेतु का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा स्वदेश दर्शन योजना के तहत करीब 17.59 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे फैसिलिटेशन सेंटर सहित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित हो तथा वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन भी किए और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की।

मालरोड में भू-धसाव रोकने के कार्यों की समीक्षा

मुख्य सचिव ने नैनीताल लोअर मालरोड में वर्ष 2018 में हुए नुकसान के बाद झील की ओर से हो रहे भू-धसाव की रोकथाम के लिए करीब 3.48 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सुरक्षात्मक और सुधार कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *