सीएम धामी ने वन-क्लिक से ₹141.91 करोड़ जारी, 9.57 लाख से अधिक लाभार्थियों को

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेंशन प्रकरणों का निस्तारण पूर्ण तत्परता और समयबद्धता के साथ किया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए और वंचित एवं कमजोर वर्गों को योजनाओं से जोड़ने हेतु नवाचार आधारित प्रभावी कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत की जाए।

मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री आवास में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यभर में आयोजित शिविरों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है, जिससे पेंशनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे विशेष अभियान निरंतर जारी रखे जाएँ ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।


वन-क्लिक से ₹141.91 करोड़ की पेंशन राशि हस्तांतरित

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा समाज कल्याण विभाग की फरवरी 2026 की पेंशन किश्त का वन-क्लिक माध्यम से सफलतापूर्वक भुगतान किया गया। इस अवसर पर कुल 9,57,651 लाभार्थियों को ₹14,191.61 लाख (₹141 करोड़ 91 लाख 61 हजार) की धनराशि वितरित की गई। यह राशि मासिक पेंशन के साथ एरियर भुगतान को भी सम्मिलित करती है।

योजना-वार वितरण का विवरण:

  • वृद्धावस्था पेंशन योजना: 5,93,184 लाभार्थी — ₹8897.76 लाख
  • विधवा पेंशन योजना: 2,31,593 लाभार्थी — ₹3473.895 लाख
  • दिव्यांग पेंशन योजना: 87,477 लाभार्थी — ₹1312.155 लाख
  • किसान पेंशन योजना: 27,638 लाभार्थी — ₹331.656 लाख
  • परित्यक्ता पेंशन योजना: 8,096 लाभार्थी — ₹97.24 लाख
  • भरण-पोषण अनुदान योजना: 7,409 लाभार्थी — ₹51.86 लाख
  • तीलू रौतेली पेंशन योजना: 2,125 लाभार्थी — ₹25.5 लाख
  • बौना पेंशन योजना: 129 लाभार्थी — ₹1.55 लाख

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि राज्य सरकार की संवेदनशीलता, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के संकल्प की सशक्त अभिव्यक्ति हैं। सरकार का लक्ष्य है कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवनयापन हेतु निरंतर और प्रभावी आर्थिक संबल उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, अपर सचिव संदीप तिवारी, संजय सिंह टोलिया सहित समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *