प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें टीके के लाभों की जानकारी दी।
मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई।
इसी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया, ताकि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके।
1.15 करोड़ किशोरियों को मुफ्त वैक्सीन
अजमेर से प्रारंभ किए गए इस अभियान के अंतर्गत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख 14 वर्षीय किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक टीकाकरण व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में देश के स्वास्थ्य ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 819 हो गई है। पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
राज्य में पाँच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो का निर्माण कार्य प्रगति पर है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ शुरू की गई हैं। हल्द्वानी में राज्य के पहले आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण भी जारी है।
अफवाहों से दूर रहकर टीकाकरण की अपील
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएँ। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




