(देहरादून), 14 अगस्त 2025
देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त दी है। कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर कौर ने अध्यक्ष पद पर 30 में से 17 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह ने 30 में से 18 वोट पाकर सफलता पाई।
राजनीतिक हलकों में इस जीत को केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ जनता के असंतोष का संकेत माना जा रहा है। आरोप है कि राज्य सरकार के इशारे पर जिला पंचायत अध्यक्षों के आरक्षण में मनमानी की गई, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस ने अपनी रणनीति के बल पर भाजपा को परास्त कर दिया।
देहरादून, जहां मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल, राज्यपाल और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहते हैं, वहां कांग्रेस की यह सफलता विपक्ष के लिए मनोबल बढ़ाने वाली मानी जा रही है।
कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि “डबल इंजन सरकार की ताकत और प्रशासनिक दबाव के बावजूद यह जीत भाजपा के लिए राजनीतिक अपमान है और यह परिणाम पूरे उत्तराखंड में बदलाव की आहट है।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जीत आगामी चुनावों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाएगी और भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण माहौल तैयार करेगी।