हरिद्वार में शताब्दी समारोह, CM धामी ने दिया सांस्कृतिक नवचेतना का संदेश

UTTARAKHAND NEWS

हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘ध्वज वंदन समारोह’ में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सहभागिता की। यह कार्यक्रम गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह शताब्दी समारोह वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के तपस्वी जीवन, निःस्वार्थ सेवा और अखंड साधना के प्रति राष्ट्र की भावात्मक कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि माताजी का जीवन त्याग, बलिदान और साधना की वह ज्योति है, जिसने असंख्य जीवनों को सही दिशा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गायत्री परिवार किसी एक संगठन की सीमाओं में बंधा नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के उत्थान की युगचेतना का प्रवाह है।

मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थल भारत की आत्मा की धड़कन हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को संरक्षित रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है, सख्त दंगारोधी एवं धर्मांतरण कानून लाए गए हैं तथा 10 हजार एकड़ से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाया गया है।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सेवा, साधना और संस्कार के त्रिवेणी संगम के रूप में यह शताब्दी समारोह नवयुग निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सशक्त संस्कृति और स्थायी सभ्यता का निर्माण नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव से ही संभव है, और जनशताब्दी समारोह इसी सामूहिक चेतना को जाग्रत करने का प्रयास है।

शताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन केवल वैराग्य का नहीं, बल्कि आत्मपरिवर्तन और सामाजिक परिवर्तन का आह्वान है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं बदलने का साहस करता है, तभी समाज और राष्ट्र के नवनिर्माण की नींव सशक्त होती है।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री विनय रुहेला, सुदर्शन न्यूज के प्रबंध निदेशक सुरेश चव्हाण, ईडी के पूर्व निदेशक राजेश्वर सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश परविन्दर सिंह, भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला सहित कई विशिष्टजनों को शांतिकुंज का प्रतीक चिह्न, गंगाजली, रुद्राक्ष माला एवं युग साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।

राजा दक्ष की नगरी कनखल स्थित वैरागी द्वीप पर शताब्दी ध्वज फहराने के साथ श्रद्धामय वातावरण में शताब्दी समारोह का शुभारंभ हुआ। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज के तत्वावधान में आयोजित यह आयोजन 23 जनवरी तक चलेगा।

कार्यक्रम में विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, दायित्वधारी श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *