देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण योजना प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों सहित सभी स्वीकृत प्रस्तावों के क्रियान्वयन के लिए समय सीमा निर्धारित की जाए और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए।
चम्पावत में बनेगा “सिटी सेंटर चम्पावत”
जनपद चम्पावत के रोडवेज स्टेशन परिसर में आधुनिक सुसज्जित बहुस्तरीय पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के 64.94 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने इस परियोजना का नाम “सिटी सेंटर चम्पावत” रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परियोजना में यात्रियों और स्थानीय जनता के लिए बेहतर सुविधाएं, स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था तथा रोडवेज बसों के साथ टैक्सी पार्किंग की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए।
टिहरी माल रोड के सौंदर्यीकरण को 11.25 करोड़ की स्वीकृति
जनपद टिहरी गढ़वाल के टिहरी मुख्यालय स्थित माल रोड पर फसाड कार्य, रेलिंग, पाथवे, स्ट्रीट लाइट और शौचालय निर्माण के प्रस्तावित कार्यों के लिए 11.25 करोड़ रुपये की संस्तुति दी गई। इससे स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शिक्षा और सड़क परियोजनाओं को भी मिली मंजूरी
बैठक में शैक्षिक सत्र 2025-26 में राज्य के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराने हेतु माध्यमिक शिक्षा विभाग को 52.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
इसके अतिरिक्त—
- लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉट मिक्स कार्य हेतु 12.15 करोड़
- किच्छा विधानसभा क्षेत्र में एनएच-109 पर पं. राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मंदिर मोड़, सिडकुल व आनंदपुर होते हुए एसएच-044 तक (किमी 5.000 से 12.255) पुनर्निर्माण हेतु 23.12 करोड़
- किच्छा क्षेत्र के शिमला पिस्तौर-कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार हेतु 20.17 करोड़ रुपये की संस्तुति दी गई।
कुम्भ मेला-2027 के लिए सेतु निर्माण को स्वीकृति
कुम्भ मेला-2027 की व्यवस्थाओं के तहत हरिद्वार में खड़खड़ी शमशान घाट मार्ग पर सूखी नदी स्थित कॉजवे के स्थान पर डबल लेन सेतु निर्माण के लिए 13.22 करोड़ तथा मायापुर स्क्रैप चैनल पर दक्षद्वीप एवं बैरागी कैंप को जोड़ने वाले पूर्व निर्मित सेतु के डाउनस्ट्रीम में 60 मीटर स्पान स्टील गर्डर डबल लेन सेतु निर्माण के लिए 12.46 करोड़ रुपये की संस्तुति प्रदान की गई।
बैठक में सचिव नितेश झा, पंकज कुमार पाण्डे, आर. राजेश कुमार, वी. षणमुगम, विशेष सचिव अजय मिश्रा, मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




