देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार संध्या को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपचार की गुणवत्ता और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों व उनके परिजनों से संवाद कर चिकित्सा सेवाओं की स्थिति समझी और सुधार के निर्देश दिए।
सीएम ने अस्पताल परिसर में वेटिंग एरिया का निरीक्षण करते हुए तीमारदारों के लिए पेयजल, पंखे व बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीमारदार भी अस्पताल व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और सौंदर्यीकरण की व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री धामी ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने सैंपल संग्रहण व टेस्टिंग प्रक्रिया की जानकारी ली और तकनीकी कार्यकुशलता की सराहना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से योजना की कार्यप्रणाली और लाभार्थियों की सुविधा संबंधी जानकारी ली। मौके पर उपस्थित लाभार्थियों से बातचीत कर उनके अनुभव भी सुने। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचे और हेल्प डेस्क पर आने वालों को सरल व त्वरित जानकारी मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संकल्पित है और इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि चिकित्सा सेवाओं में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित सेवा व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सकगण और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।