देहरादून, 12 अप्रैल 2025मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में उपनल कर्मचारी महासंघ द्वारा आयोजित धन्यवाद एवं अभिनंदन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उपनल कर्मियों के नियमितीकरण हेतु ठोस नीति बनाए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का महासंघ ने आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता का भी है, जिन्होंने उन्हें सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए एक ठोस और प्रभावी नीति बनाकर कार्य को जल्द प्रारंभ करेगी, जो चरणबद्ध तरीके से तय समय सीमा में पूरी की जाएगी। इससे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और आत्मसम्मान में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्षों से उपनल कर्मी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते आ रहे हैं। उनके धरनों के दौरान दर्ज मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने पूर्व सैनिकों की वीरांगनाओं और पुत्रियों को ड्रोन दीदी योजना के अंतर्गत ड्रोन प्रशिक्षण देने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की घोषणा की। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों को निःशुल्क बद्रीनाथ यात्रा की भी योजना घोषित की।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार ने महिलाओं को 30% आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों को 10% क्षैतिज आरक्षण, समान नागरिक संहिता, और सख्त भू-कानून जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वचनों को निभाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ती।
पूर्व सैनिकों के कल्याण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब प्रोत्साहन भत्ता हर माह दिया जा रहा है, जिसमें 10 वर्ष से कम सेवा वाले सैनिकों को ₹5000 और 10 वर्ष से अधिक सेवा वालों को ₹6000 मासिक भत्ता दिया जा रहा है। शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख की गई है और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की सीमा बढ़ाकर 5 वर्ष कर दी गई है। हाल ही में परमवीर चक्र विजेताओं की प्रोत्साहन राशि ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1.5 करोड़ की गई है।
देहरादून के गुनियाल गांव में सैन्य धाम का निर्माण भी राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है, जो शहीदों की स्मृति को समर्पित होगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उपनल कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने कई जनहितैषी निर्णय लिए हैं। पूर्व में मृत्यु होने पर दी जाने वाली ₹15,000 की सहायता राशि अब ₹1.5 लाख कर दी गई है, वहीं कर्मचारियों की बेटियों की शादी में ₹50,000 की सहायता भी दी जाएगी।
समारोह में उपनल के एम.डी. ब्रिगेडियर जे.एन. बिष्ट, महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, महामंत्री विनय प्रसाद सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।