रुद्रपुर, 14 फरवरी 2026– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क में आयोजित भव्य उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने 295.21 करोड़ रुपये की लागत से 61 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 123.91 करोड़ रुपये की लागत से 26 कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें चिकित्सा, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, संस्कृति, सिंचाई, खेल, शिक्षा, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी तथा नगर पालिका परिषद बाजपुर से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 171.30 करोड़ रुपये की लागत से 35 कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिनमें लोनिवि, नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, शिक्षा एवं ग्रामीण निर्माण विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण, भूरारानी एवं गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण तथा गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की घोषणा शामिल है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया। उन्होंने कांवड़ियों के पैर पखारकर उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला भेंट की तथा त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक निकली शिव बारात में प्रतिभाग किया। विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये 61 विकास परियोजनाएं रुद्रपुर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि रुद्रपुर बाईपास (लगभग 590 करोड़ रुपये), चार लेन सड़कों का निर्माण, मानूनगर-गदरपुर से हल्द्वानी मार्ग का चौड़ीकरण, रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण, मास्टर ड्रेनेज प्लान, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट जैसी परियोजनाएं प्रगति पर हैं। किच्छा में एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण तथा पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में भी कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है, नकल विरोधी कानून लाया गया है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरस मेले के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया, स्वयं दीये बनाए और सूत काता।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सरस मेले के प्रथम दिवस की स्टार नाइट में शिव जागरण का ज्योति प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया।




