देहरादून, 25 जून 2025
हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, देहरादून में बुधवार को आयोजित “आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान कार्यक्रम” में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्री नरेंद्र कुमार मित्तल, श्री रणजीत सिंह जुयाल सहित 10 लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानी हमारे महानायक हैं, जिन्होंने आपातकाल के अंधेरे में लोकतंत्र की मशाल जलाए रखी।
आपातकाल लोकतंत्र पर हमला था: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है। यह एक परिवार की तानाशाही मानसिकता और हठधर्मिता का परिणाम था। उन्होंने कहा कि उस दौरान संसद को बंधक बना लिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली गई और न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई। करोड़ों देशवासियों के मौलिक अधिकार कुचल दिए गए।
राष्ट्रव्यापी जनक्रांति बना आंदोलन
मुख्यमंत्री ने जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, नानाजी देशमुख सहित अनेक नेताओं के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं और संघ, एबीवीपी, जनसंघ सहित कई संगठनों के नेतृत्व में चला आंदोलन देशभर में जनक्रांति में परिवर्तित हो गया। युवाओं, छात्रों और समाज के हर वर्ग ने इस आंदोलन को समर्थन दिया।
उत्तराखंड के सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पुण्यभूमि पर भी कई सपूतों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने बागेश्वर के चंद्र सिंह राठौर और पौड़ी के गोविंद राम ढींगरा सहित कई सेनानियों के योगदान को नमन किया, जिन्होंने अत्याचार झेले लेकिन लोकतंत्र की लौ बुझने नहीं दी।
युवाओं को जानना होगा आपातकाल का इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र का महत्व समझाने के लिए आपातकाल का इतिहास जानना आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” के रूप में मनाने की पहल का स्वागत किया। साथ ही गृह मंत्री अमित शाह द्वारा “द इमरजेंसी डायरीज” पुस्तक के विमोचन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को लोकतंत्र के संघर्ष का बोध होगा।
लोकतंत्र सेनानियों के हित में सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रदर्शनियों और कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “हम लोकतंत्र की मजबूती और नागरिकों की सजगता को बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करते रहेंगे। यह आयोजन युवाओं में अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।”
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, लोकतंत्र सेनानी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।