(देहरादून, 18 अगस्त 2025)
उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल से गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में शुरू होने जा रहा है। सत्र 19 अगस्त से 22 अगस्त तक चलेगा। इस बीच रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भराड़ीसैंण पहुंचे। हेलीपैड पर जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने उनका स्वागत किया। मौके पर पुलिस ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया।
मौसम विभाग ने जताई चुनौती
मौसम विभाग ने 22 अगस्त तक प्रदेश में लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में विधानसभा सत्र के दौरान दुश्वारियां बढ़ने की संभावना है। खासतौर पर सड़क मार्ग से गैरसैंण पहुंचना अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
विधानसभा सचिवालय की तैयारियां पूरी
विधानसभा सचिवालय की ओर से ग्रीष्मकालीन राजधानी में सत्र आयोजित करने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। सचिवालय से अधिकारियों और कर्मचारियों का काफिला रविवार से गैरसैंण रवाना होना शुरू हो गया है। सचिवालय के एक दल के पहले ही पहुंच जाने के बाद दूसरी टीम रविवार को रवाना हुई।
👉 लगातार बारिश की चुनौतियों के बीच भराड़ीसैंण विधानसभा का यह सत्र प्रदेश की राजनीति और नीति-निर्माण के लिहाज से अहम माना जा रहा है।