उत्तरकाशी, 30 अप्रैल 2025:
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2025 का विधिवत शुभारंभ हो गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा कर यात्रा की मंगल शुरुआत की। धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में भाग लेने वाले पहले मुख्यमंत्री भी बने।
गंगोत्री धाम में मां गंगा की डोली भैरव घाटी से चलकर मंदिर परिसर पहुंची, जहां पूर्वाह्न 10:30 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। वहीं मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंची और पूर्वाह्न 11:55 बजे कपाट खोले गए। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किए और पुण्य स्नान किया।
मुख्यमंत्री ने दोनों धामों में विशेष पूजा कर देश-प्रदेश की सुख, समृद्धि और सफल यात्रा आयोजन की कामना की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जिसके लिए राज्य सरकार ने सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा हेतु व्यापक प्रबंध किए हैं। मूलभूत सुविधाएं, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर यात्री एक सुखद अनुभव लेकर लौटे।
गंगोत्री में हुए समारोह में विधायक सुरेश चौहान, मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, जिलाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।