देहरादून। उपनल कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संघ ने ‘समान कार्य–समान वेतन’ को लेकर कैबिनेट द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि उपनल कर्मी राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े सभी विषयों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार उपनल कर्मियों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की कर्मचारी हितैषी नीति का सशक्त प्रमाण है और इससे हजारों उपनल कर्मियों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उपनल कर्मचारी महासंघ, उत्तराखंड के अध्यक्ष विनोद गोदियाल, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, अजय डबराल, मीना रौथाण, रमेश डोभाल, योगेश बडोनी, शैलेंद्र पंवार, अनिल जुयाल, प्रदीप कश्यप एवं संजय पाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




